कुचामन सिटी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार शहरी निकायों में बुनियादी नागरिक सुविधाएं सुदृढ़ करने और सेवाओं को नई गति प्रदान करने के लिए शहर चलो अभियान के तहत जिले के शहरी निकायों में प्री-कैम्प का आयोजन 4 सितम्बर से 13 सितम्बर तक किया जा रहा है।


इसी क्रम में जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बुधवार को कुचामन नगर परिषद में आयोजित हो रहे शहर चलो अभियान के प्री-कैम्प का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों व कार्मिकों से प्री-कैम्प में किए जा रहे कार्यों, योजनाओं के आवेदन की प्रगति, प्री-कैम्प में आमजन की भागीदारी एवं प्रचार-प्रसार की जानकारी प्राप्त की और अभियान के तहत अधिक से अधिक आमजन को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहर चलो अभियान का आयोजन जिले के शहरी निकायों में 15 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी शहरी क्षेत्रों में वार्डवार शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने बताया कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों के लिए समस्याओं के चिन्हीकरण एवं आवेदन प्राप्त करने हेतु वार्डवार पूर्व तैयारी कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 4 से 13 सितम्बर तक प्री-कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान शहरी निकायों के वार्डों में पहुंचकर समस्याओं का चिन्हीकरण किया जाएगा, जिससे आमजन को मुख्य कैम्प के दौरान सुगम और त्वरित राहत मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहर चलो अभियान के तहत शहरी निकायों में सफाई व्यवस्था सुधार, नई स्ट्रीट लाइट्स लगाने, आवारा पशुओं को पकड़ने, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने, सार्वजनिक स्थानों का रखरखाव और सौंदर्यकरण, सड़क मरम्मत जैसे जनोपयोगी कार्य किए जाएंगे। साथ ही पीएम स्वनिधि ऋण वितरण, पीएम सूर्यघर 150 यूनिट निःशुल्क बिजली योजना के आवेदन प्राप्त करने के साथ ही सामुदायिक भवन, आंगनवाड़ी एवं विद्यालय आदि के मरम्मत के कार्य भी किए जाएंगे।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर एवं नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या साथ रहे।






