डीडवाना: तोषीना के रेगर मोहल्ला निवासियों ने आम रास्ते पर वर्षों से संचालित हो रही अवैध शराब और मांस की दुकानों को लेकर ऋचा तोमर जिला पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन को शिकायत दी है।


निवासियों का कहना है कि बिना किसी वैध अनुमति और लाइसेंस के शराब व मांस की दुकानें लंबे समय से चल रही हैं। इन दुकानों के सामने शराब पीकर लोग आए दिन हुड़दंग मचाते हैं और अशोभनीय हरकतें करते हैं, जिससे महिलाओं व बच्चों को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। वहीं इनसे क्षेत्र में अशांति, गंदगी और सार्वजनिक उपद्रव फैल रहा है।

शिकायत में कहा गया है कि ये अवैध दुकानें भारतीय न्याय संहिता 2023, राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950, पंचायती राज अधिनियम 1994 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 का खुला उल्लंघन कर रही हैं। इससे पहले भी मामले को लेकर एसडीएम डीडवाना को दरख्वास्त दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रेगर मोहल्ला निवासियों ने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक तत्काल प्रभाव से इन अवैध दुकानों को सील करवाएं तथा दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

एसपी कार्यालय द्वारा कहा गया कि थानाधिकारी, पुलिस थाना खुनखुना को तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।






