कुचामन सिटी. स्टेशन रोड स्थित जवाहर स्कूल के संदर्भ केंद्र में आज दिव्यांगों के लिए अंग उपकरण वितरण शिविर का आयोजन मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवरलाल खोखर के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।


खोखर ने विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों व अभिभावकों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी और अच्छी शिक्षा प्राप्त करने हेतु आशीर्वाद प्रदान किया।

खोखर ने बताया कि सरकार एवं विभाग दिव्यांग जनों के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध करवा रहे हैं, जरूरत यह है कि हम यह जागरूकता संदेश घर-घर तक पहुंचाएं ताकि इन जरूरतमंद बच्चों को सरकार की सुविधाओं का लाभ मिल सके।
दसवीं में 85% अंक प्राप्त करने वाले दिव्यांग बालक अभिषेक को विशेष आशीर्वाद देते हुए खोखर ने कहा कि आप इसी तरह अपना प्रयास जारी रखें, भविष्य में आपको बड़ा अधिकारी बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।

प्रधानाचार्य मंजू चौधरी ने अभिभावकों से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल और विद्यालय तक पहुँचाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
चौधरी ने कहा कि मैं खुशनसीब हूं कि मेरे विद्यालय में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सेवा के लिए सरकार की तरफ से यह केंद्र संचालित है।
मैं समय-समय पर इनके दुख-दर्द में शामिल हो पाती हूं, इनकी समस्याओं को समझकर विभाग को अवगत करा पाती हूं।
संदर्भ व्यक्ति दयाराम ने इन बच्चों को मिलने वाले भत्ते और सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सहायता के बारे में जानकारी दी। खोखर तथा मंजू चौधरी ने संदर्भ व्यक्ति दयाराम एवं सुरज्ञान के कार्यों की खूब सराहना की।
विद्यालय विकास के हर क्षेत्र में अहम भागीदारी निभाने वाले व्याख्याता डॉ. भंवरलाल गुगड़ (स्टेट अवार्डी) ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कुदरत इन दिव्यांग बच्चों को भेजने के लिए उन्हीं अभिभावकों को चुनती है जो इनकी सेवा कर सकें। अतः अभिभावकों को चाहिए कि इसे कुदरत का आदेश मानकर बच्चों का सही तरीके से पालन-पोषण करें, इनकी उचित पढ़ाई करवाएं तथा समय-समय पर संदर्भ केंद्र से संपर्क कर सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधाओं का लाभ इन बच्चों को दिलवाएं।
गुगड़ ने कहा कि समय-समय पर संदर्भ केंद्र भामाशाहों से भी आवश्यक उपकरणों का वितरण करवाता रहा है और भविष्य में भी जरूरत पड़ी तो भामाशाहों से संपर्क कर इन जरूरतमंद बच्चों के लिए उपयोगी उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।
शिविर में तीन बच्चों को बैटरी साइकिल, एक बच्चे को व्हीलचेयर, दो बच्चों को कृत्रिम पैर तथा एक बच्चे को वॉकर प्रदान किया गया। उपकरण प्राप्त करने के बाद सभी बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर शदेवेंद्र प्रसाद, नेमाराम, विशेष शिक्षिका सुरज्ञान चौधरी, मुकेश कुमार, गिरधारीलाल आदि उपस्थित रहे।
कुचामन सिटी: बी आर खोखर स्कूल परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण
डीडवाना-कुचामन: 56 हजार वरिष्ठजनों को मिलेगा तीर्थ यात्रा का अवसर, जल्द करें आवेदन
वीआईपी ट्रेड घोटाले का मास्टरमाइंड निकला कुचामन निवासी धीरज गट्टाणी






