कुचामनसिटी। पुलिस ने हनीट्रैप प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साल से फरार चल रहे टॉप-10 स्थाई वारंटी आरोपी मुकेश उर्फ पिंटू राणा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को कस्बा कुचामन से दस्तयाब किया गया।


पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन शहर नेमीचंद खारिया (आरपीएस) और वृत्ताधिकारी अरविन्द विश्नोई (आरपीएस) के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।

क्या था मामला
16 अप्रैल 2023 को बुडोत निवासी महावीर प्रसाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बाजुदेवी नामक महिला ने जादुई कछुआ देने के बहाने उससे 2 लाख रुपये लिए, लेकिन न तो कछुआ दिया और न ही रकम लौटाई। बाद में बाजुदेवी व उसके परिजनों सहित अन्य लोगों ने शिकायतकर्ता से मारपीट कर 10 लाख रुपये की मांग की और बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसी दौरान आरिफ खान नामक युवक भी शामिल हुआ और सात लाख रुपये दिलाने की जिम्मेदारी लेने के बहाने उनकी कार लेकर फरार हो गया।
गिरफ्तारी में सफलता
अनुसंधान के दौरान बार-बार तलब करने के बावजूद आरोपी मुकेश उर्फ पिंटू राणा पेश नहीं हुआ और सकूनत से फरार हो गया। 4 फरवरी 2025 को न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट और बाद में 28 फरवरी 2025 को स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ। कई प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने फील्ड इंटेलिजेंस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी को 19 अगस्त 2025 को कुचामन कस्बे से गिरफ्तार कर लिय।






