कुचामन सिटी. राजस्थान में प्रारंभिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र परीक्षा (कक्षा 8) वर्ष 2025 का परीक्षा परिणाम आज दिनांक 26 मई 2025 को सायं 5 बजे घोषित कर दिया गया।

परिणाम की घोषणा माननीय शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जयपुर स्थित शिक्षा संकुल से की।


इस अवसर पर शासन सचिव कृष्ण कुणाल, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सीताराम जाट सहित अनेक अधिकारीगण मौजूद रहे।
राज्य स्तर पर सर्वाधिक परीक्षा परिणाम वाले टॉप 5 जिले सीकर, दौसा, अजमेर, नागौर और चूरू रहे।
वहीं न्यूनतम परीक्षा परिणाम वाले बॉटम 5 जिले धौलपुर, बारां, पाली, चित्तौड़गढ़ और करौली रहे।
राज्य स्तर पर परीक्षा और परिणाम…
कक्षा 8वीं की यह परीक्षा पूरे राजस्थान के 9,624 परीक्षा केंद्रों पर 20 मार्च से 2 अप्रैल 2025 के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 12,64,618 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें से 12,22,369 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। इस प्रकार कुल परिणाम 96.66% रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 0.94% अधिक है।

लड़कों का परिणाम 96.14% और लड़कियों का परिणाम 97.24% रहा, जो यह दर्शाता है कि लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से 1.10% बेहतर रहा।
विभिन्न कारणों से कुल 881 विद्यार्थियों का परिणाम फिलहाल रोका गया है, जिन्हें बाद में जारी किया जाएगा। वहीं 41,368 विद्यार्थियों को एक या अधिक विषयों में पूरक (सप्लीमेंट्री) घोषित किया गया है। इनकी पूरक परीक्षा अगस्त 2025 में शिक्षा विभागीय परीक्षाएं, बीकानेर द्वारा आयोजित की जाएगी।
ग्रेडिंग सिस्टम से घोषित हुआ परिणाम
इस बार विद्यार्थियों की अंकतालिका में अंक अंकित नहीं किए गए हैं, बल्कि 5-पाइंट ग्रेडिंग सिस्टम के अनुसार ग्रेड दिए गए हैं।
- A ग्रेड: 81-100 अंक
- B ग्रेड: 61-80 अंक
- C ग्रेड: 41-60 अंक
- D ग्रेड: 33-40 अंक
- E ग्रेड: 0-32 अंक
राज्यभर में प्राप्त ग्रेड के अनुसार विद्यार्थियों का वर्गीकरण इस प्रकार रहा..
- A ग्रेड: 2,48,542 विद्यार्थी (19.65%)
- B ग्रेड: 6,62,367 विद्यार्थी (52.38%)
- C ग्रेड: 3,09,317 विद्यार्थी (24.46%)
- D ग्रेड: 2,143 विद्यार्थी (0.17%)
- E ग्रेड: 41,368 विद्यार्थी (3.27%)
नागौर/डीडवाना-कुचामन जिले का प्रदर्शन
डाइट प्रधानाचार्य अजीत सिंह देथा ने बताया कि नागौर/डीडवाना-कुचामन जिले में कुल 60,882 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 59,711 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 98.08% रहा। छात्राओं का परिणाम 98.39% रहा जबकि छात्रों का परिणाम 97.78% रहा।
जिला प्रभारी अश्विनी कुमार के अनुसार जिले में भी 5-पॉइंट ग्रेडिंग सिस्टम के तहत परिणाम घोषित किया गया। ग्रेड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत इस प्रकार रहा –
- A ग्रेड: 29.62%
- B ग्रेड: 54.35%
- C ग्रेड: 14.06%
- D ग्रेड: 0.04%
- E ग्रेड: 1.92%
E ग्रेड वाले विद्यार्थियों को उत्तीर्णता का एक और अवसर देते हुए पूरक परीक्षा में शामिल किया जाएगा।
विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम विभागीय शाला दर्पण पोर्टल और पीएसपी पोर्टल पर देख सकते हैं।
कुचामन सिटी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सब्जी मंडी से फलों के लिए नमूने
भीषण गर्मी में जीव दया सेवा समिति कुचामन सिटी ने निभाई मानवता की मिसाल
कुचामन सिटी मातृ एवं शिशु हॉस्पिटल का मामला पहुंचा लोक अदालत, कल होगी सुनवाई