नावां शहर के वार्ड संख्या ग्यारह स्थित श्री पीपली वाले बालाजी मंदिर के 36वें वार्षिक मेला महोत्सव पर सोमवार को सुबह हवनादि सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के बाद शाम को बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।


मंदिर के वार्षिक मेला महोत्सव पर रविवार की रात को सुंदरकाण्ड का सामूहिक संगीतमयी पठन किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने सुंदरकाण्ड पठन में भाग लिया। सोमवार की सुबह बालाजी महाराज का भव्य श्रृंगार करने के बाद हवन का आयोजन किया गया, जिसमें पण्डितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संदेश गहलोत ने सपत्नीक हवन में आहुतियां दी। हवन की पूर्णाहुति के बाद बालाजी महाराज की सामूहिक आरती की गई।


शाम को किशनगढ़ के बैंड व अजमेर के ढोल के साथ बालाजी महाराज की शाही शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान गोविंद देव जी और सांवरिया सेठ जी की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। इस अवसर पर बाहर से आए कलाकारों ने शिव अघोरी का नृत्य कर दर्शकों का रिझाया। किशनगढ़ के बैंड वादकों ने भक्ति रस से परिपूर्ण तराने प्रस्तुत किए, जिस पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया।

शोभायात्रा पीपली वाले बालाजी महाराज के मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार, झण्डा चौक, पीपली बाजार, बोहरों का बास से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। मंदिर परिसर पहुंचने के बाद बालाजी महाराज की भव्य सामूहिक आरती की गई।
कुचामन सिटी: टोरडा रोड पर दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, चालक फरार






