कुचामन सिटी. डीडवाना-कुचामन पुलिस ने खाद्य तेल गबन के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 48 लाख रुपए के राइस ऑयल की चोरी कर वारदात को दुर्घटना का रूप देने की साजिश का पर्दाफाश किया है।


पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी चालक रावताराम और उसके साथी खेताराम को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 5 दिवस का पुलिस रिमांड स्वीकृत करवाया गया है। पुलिस द्वारा चोरी किए गए राइस ऑयल की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में अनुसंधान जारी है।
पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन ज्ञानचन्द (आईपीएस) ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुचामन शहर विमल सिंह नेहरा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी कुचामन शहर मुकेश चौधरी के सुपरविजन में कुचामन सिटी थाना प्रभारी सतपाल सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

ऐसे सामने आया पूरा मामला :-
दिनांक 05 मई 2026 को परिवादी महबूब खान निवासी झुबर खा, पुलिस थाना फलसूण्ड जिला जैसलमेर हाल मैनेजर ARSH TRANSPORT COMPANY ब्रांच ऑफिस भंटिडा ने कुचामन सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी कंपनी का टैंकर नंबर PB 03 AP 8237 चालक रावताराम द्वारा धुरी (पंजाब) से राइस ऑयल भरकर भीलवाड़ा ले जाया जा रहा था। टैंकर 24 अप्रैल 2026 की शाम धुरी से रवाना हुआ था।
कंपनी के अनुसार – वाहन में GPS सिस्टम लगा हुआ था। लेकिन रास्ते में राजस्थान के फतेहपुर के पास GPS बंद हो गया। शुरुआत में कंपनी को तकनीकी खराबी का संदेह हुआ। लेकिन बाद में 28 अप्रैल 2026 की रात पुलिस का फोन आया कि टैंकर राणासर स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल के पास पलटा हुआ पड़ा है।
सूचना मिलने पर कंपनी प्रतिनिधि 29 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5 बजे मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि टैंकर पलटा हुआ था। लेकिन आसपास राइस ऑयल फैला हुआ नहीं था। जब क्रेन की सहायता से टैंकर को सीधा कर उसका ढक्कन खोला गया तो उसमें काफी कम मात्रा में तेल मिला। कंपनी के अनुसार टैंकर में करीब 48 लाख रुपए मूल्य का राइस ऑयल भरा हुआ था। इस पर कंपनी ने चालक और अन्य लोगों पर तेल गबन कर टैंकर को जानबूझकर पलटाने का आरोप लगाया।
तकनीकी जांच में खुली साजिश :-
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, GPS लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच में सामने आया कि चालक रावताराम ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले कंपनी का राइस ऑयल खुर्द-बुर्द किया और बाद में चोरी छिपाने के लिए टैंकर को जानबूझकर पलटाकर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में बाड़मेर और जैसलमेर सहित संभावित ठिकानों पर दबिश दी। दिनांक 25 मई 2026 को आरोपी रावताराम (34) पुत्र दुर्गाराम निवासी जसोल और खेताराम (29) पुत्र रामाराम निवासी चोहटन को बाड़मेर से दस्तयाब कर पूछताछ की गई तथा अनुसंधान के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी किए गए राइस ऑयल की बरामदगी को लेकर गहन जांच जारी है।






