कुचामन सिटी स्थित पी.एम. जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के उपप्रधानाचार्य डॉ. भंवरलाल गुगड़ को 5 नवंबर 2025 को दक्षिण भारत के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान “भारत एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025” से सम्मानित किया गया।


यह सम्मान AICTE, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार एवं शोध कार्यों में सहयोग प्रदान करने वाली संस्था ब्रेनोविज़न, हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया।

ज्येष्ठ आचार्य श्रेणी में सम्मानित
डॉ. गुगड़ को यह पुरस्कार ज्येष्ठ आचार्य श्रेणी में शिक्षा, नवाचार, समाजसेवा तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके अद्वितीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. बुद्धा चंद्रशेखर, मुख्य समन्वयक अधिकारी (AICTE, मिनिस्ट्री ऑफ़ एजुकेशन, गवर्नमेंट ऑफ़ इंडिया), प्रोफेसर शिवाजी चांद्रम (साइंटिस्ट एंड एडवाइज़र, गवर्नमेंट ऑफ़ इंडिया) तथा प्रो. वी. बालाकृष्णा, अध्यक्ष, तेलंगाना उच्च शिक्षा परिषद उपस्थित रहे, जिन्होंने डॉ. गुगड़ को यह सम्मान प्रदान किया।
शिक्षा सेवा में 18 वर्षों की उत्कृष्ट यात्रा
डॉ. भंवरलाल गुगड़ पिछले 18 वर्षों से राजस्थान की राजकीय शिक्षा सेवा में कार्यरत हैं। शिक्षा क्षेत्र में उन्होंने निरंतर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम दिए हैं और उनके सैकड़ों विद्यार्थी आज शिक्षक, प्रोफेसर, डॉक्टर, इंजीनियर, IAS तथा RAS जैसे प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने शिक्षण विधियों में कई नवाचार किए हैं तथा शिक्षा के साथ-साथ समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है – अब तक 8000 से अधिक पौधे स्वयं तथा इको क्लब के सहयोग से लगाकर उनका संरक्षण किया है।

डॉ. गुगड़ ने 36 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं और शिक्षा के सतत उन्नयन, पर्यावरण संवर्धन तथा सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर शोध कार्य कर रहे हैं। इस सम्मान के लिए उनकी 300 पृष्ठों से अधिक की प्रोफ़ाइल का मूल्यांकन किया गया। चयन प्रक्रिया में एडवाइजरी बोर्ड की समीक्षा, पूर्व तथा वर्तमान विद्यार्थियों व सहकर्मियों की वोटिंग, स्कोरिंग एवं इंटरव्यू आधारित रैंकिंग शामिल थी।
देशभर से चयनित 150 शिक्षाविद
देशभर से करीब 3000 शिक्षाविदों, प्रोफेसरों, डॉक्टरों, शोधकर्ताओं तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को नामांकित किया गया था, जिनमें से 150 व्यक्तित्वों को विभिन्न श्रेणियों में यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. चेकुरी शिवरामकृष्ण प्रसाद (कुलपति, जेएनटीयू काकीनाडा), शंकर वेंकटा कृष्ण प्रसाद (संस्थापक निदेशक एवं सीईओ, साइटो हेल्थ केयर, हैदराबाद), डॉ. गुंडला नागराजु (अध्यक्ष, वर्ल्ड AI गवर्नेंस), गणेश नाग डोडी (संस्थापक एवं सीईओ, ब्रेनोविज़न), प्रो. पी.वी.जी.डी. प्रसाद रेड्डी (कुलपति, आंध्र विश्वविद्यालय), प्रो. डी.वी.एल.एन. सोमयाजुलु (निदेशक, IIITDM कुर्नूल), डॉ. बी. प्रभा शंकर (अध्यक्ष, इंडियन फार्मास्युटिकल एसोसिएशन, तेलंगाना), प्रो. रामकुमार मिश्रा (पूर्व निदेशक, ONGC), ओ.एस.एस. प्रसाद (CMD, काकतीय ग्रुप ऑफ़ इंडस्ट्रीज़) तथा डॉ. कामेश्वर राव माचा (NHS, लंदन) जैसे विभिन्न प्रतिष्ठित अतिथि मौजूद रहे।
राजस्थान के लिए गौरव का क्षण
यह पुरस्कार भारतवर्ष में पिछले पाँच वर्षों से उन व्यक्तित्वों को दिया जा रहा है जो शिक्षा, शोध, पर्यावरण संरक्षण, समाजसेवा तथा नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।
डॉ. भंवर लाल गुगड़ का यह सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि राजस्थान की पूरी शैक्षिक दुनिया के लिए गौरव का विषय है।






