कुचामन पुलिस ने रमेश रूलानिया हत्याकांड में सात आरोपियों की गिरफ्तारी का खुलासा किया था। इसके बाद आज उन सभी का भरे बाजार में जुलूस निकाला गया।


बता दें कि इन सभी आरोपियों ने इस हत्या में किसी न किसी तरह से सहयोग किया था। इनमें पवन चारण भी शामिल था, जिसने इस हत्या की सुपारी ली थी। इसने मुख्य आरोपियों में से एक गणपत गुर्जर को भी इस हत्या की साजिश में शामिल किया। गणपत एक नशेड़ी है, जिसने अन्य मुख्य आरोपियों को अपने साथ जोड़कर हत्या को अंजाम दिया। इसके बाद पुलिस ने इनको गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की। हालांकि अभी भी चार मुख्य आरोपी फरार हैं।
डीडवाना-कुचामन पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने स्पष्ट कहा था कि इस हत्या में जितने भी आरोपी हैं, उनका ऐसा इलाज करेंगे कि किसी का साहस नहीं होगा दोबारा कुछ करने का।

इसी के चलते आज शनिवार पूरे कुचामन के सामने इन सात आरोपियों का जुलूस निकाला गया। इनमें सफीक खान, किशनलाल गुर्जर, रामकेश गुर्जर, रामसिंह, खुशीराम, दिनेश चौधरी और पवन चारण शामिल हैं।
इन सभी आरोपियों को पुलिस बल के साथ थाने से निकाला गया। इन्हें स्टेशन रोड होते हुए पुराने बस स्टैंड और लायन सर्कल से राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया। अब अस्पताल में इनका मेडिकल करवाया जाएगा।

जब आरोपियों को ले जाया जा रहा था तो भारी भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने पुलिस प्रशासन जिंदाबाद के नारे लगाए और पुलिस पर अपना विश्वास जताया। साथ ही, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की तथा पुलिस से मुख्य आरोपियों का जल्द खुलासा करने की अपील की। मेडिकल के बाद सातों आरोपियों को परबतसर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
वीडियो में देखें –
कुचामन सिटी: व्यापारी रमेश रूलानिया हत्याकांड में सात आरोपी गिरफ्तार






